लखनऊ की मंडी में देर रात आग, 20 दुकानें जलकर खाक
धमाकों से सहमे लोग, 3 किमी दूर तक दिखा धुआं; 10 दमकलों ने 3 घंटे में बुझाई आग
लखनऊ, (जनवार्ता)।
राजधानी के कृष्णा नगर क्षेत्र स्थित बाराबिरवा सब्जी मंडी में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मंडी की 100 से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं, जिनमें 20 से ज्यादा दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं करीब 3 किलोमीटर दूर से दिखाई देता रहा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर बाद 10 से 12 जोरदार धमाके सुनाई दिए। आशंका है कि मंडी में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से ये धमाके हुए। धमाकों के बाद पूरे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके को खाली कराया। फिनिक्स मॉल के पास स्थित मंडी में उठते धुएं का असर आसपास के क्षेत्रों में भी देखा गया।

करीब 50 हजार वर्गफीट में फैली इस मंडी में फल, सब्जी, अनाज और अन्य सामान की सैकड़ों दुकानें लगती हैं। सूचना मिलते ही कृष्णा नगर, आलमबाग और पीजीआई फायर स्टेशन से दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे की देरी से पहुंची, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया तथा नुकसान बढ़ गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है।
मंडी में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोरियां, कागज के गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। तेज लपटों और धुएं के कारण आसपास का पूरा इलाका धुएं की चादर में ढक गया।
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर एसीपी, आशियाना थाना समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि बाराबिरवा सब्जी मंडी में करीब 200 दुकानें थीं। प्रारंभिक जांच में एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है, जिसकी चपेट में 15 से 20 दुकानें आ गईं। उन्होंने बताया कि दमकल की 10 गाड़ियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और राहत एवं जांच कार्य जारी है।

