वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारियों में तेजी
पुलिस कमिश्नर ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा, महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड की तैयारियों का भी लिया जायजा लिया
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 28 अप्रैल को संभावित वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।


रविवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन का भ्रमण कर प्रधानमंत्री के आगमन एवं महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड (पीओपी) की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीवीआईपी आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड स्थल, अभ्यास व्यवस्था, अनुशासन तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया और कार्यक्रम को भव्य एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने ‘जी-12’ आवासीय परिसर के निर्माणाधीन कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय से पूरा करने, सुरक्षा मानकों का पालन करने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर, छज्जा, बारजा, छत, दीवारों एवं पूरे परिसर की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर बल दिया। जिमनेजियम का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (लाइन) प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइन) गौरव कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

