PM से मिलेंगे बिहार के CM, कैबिनेट विस्तार पर मंथन आज
नई दिल्ली (जनवार्ता)।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। शाम 4 बजे उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर तय है। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली दिल्ली यात्रा मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, भले ही इस मुलाकात को औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा हो, लेकिन इसके राजनीतिक मायने काफी अहम माने जा रहे हैं। बैठक के दौरान बिहार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हो सकती है।
वर्तमान में बिहार सरकार का मंत्रिमंडल अधूरा है और अब तक केवल मुख्यमंत्री व दो उपमुख्यमंत्री ही शपथ ले पाए हैं। बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है, जबकि भाजपा कोटे से अभी तक किसी विधायक को मंत्री नहीं बनाया गया है। ऐसे में प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
बिहार में कुल 33 मंत्रियों का प्रावधान है, लेकिन अभी तक पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो सका है। नई सरकार के सामने जल्द कैबिनेट विस्तार कर प्रशासन को गति देने की चुनौती बनी हुई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद इस प्रक्रिया में तेजी आ सकती है।
बिहार विधानसभा का विशेष सत्र 24 अप्रैल को बुलाया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में विश्वास मत पेश करेंगे। राज्य में फिलहाल एनडीए की सरकार है। इससे पहले मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी नीतीश कुमार संभालते रहे हैं, जबकि भाजपा कोटे से उपमुख्यमंत्री बनाए जाते रहे हैं।
विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सत्र की सूचना सभी विधायकों और मंत्रियों को भेज दी गई है। अब सबकी नजरें दिल्ली में होने वाली अहम बैठकों पर टिकी हैं, जिनसे बिहार की सियासत की अगली दिशा तय होने की उम्मीद है।


