युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्व करने का आह्वान
वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान बढ़ाने वाला कदम :मुरुगन
नोएडा(जनवार्ता)। सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। नोएडा स्थित एक संस्थान में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल, रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए शिक्षा को कौशल, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, उद्यमिता और रोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आजीवन सीखने और ऑनलाइन शिक्षा को बदलती अर्थव्यवस्था के अनुरूप युवाओं को तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
डॉ. मुरुगन ने ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ पहल को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तक पहुंच बढ़ाने वाला कदम बताया। उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गेमिंग, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल कंटेंट जैसे क्षेत्रों में अवसर तलाशने तथा तकनीक के उपभोक्ता से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर निर्माता बनने का आह्वान किया।

