मंदिर परिसर में आपत्तिजनक वस्तु फेंकने का मामला, आरोपी किशोर हिरासत में
महराजगंज (जनवार्त) ।जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र के सिसवा उर्फ खोरिया गांव स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर में बीती रात आपत्तिजनक वस्तु फेंके जाने की घटना सामने आई है, जिसके बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक किशोर को मंदिर परिसर में संदिग्ध गतिविधि करते देखा गया। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मंदिर परिसर की सफाई कराते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मामले में मिली तहरीर के आधार पर एक किशोर को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है और एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

