बलिया में 8 दिन में तीसरी घटना: प्रेमिका से शादी की जिद में युवक चढ़ा बिजली टावर

बलिया में 8 दिन में तीसरी घटना: प्रेमिका से शादी की जिद में युवक चढ़ा बिजली टावर

पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से सुरक्षित उतारा गया, पूछताछ जारी

बलिया, (जनवार्ता)
जनपद के नगरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की जिद को लेकर करीब 80 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया। बीते आठ दिनों में इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

rajeshswari


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का पिछले दो वर्षों से गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों ने इसका विरोध करते हुए उस पर निगरानी बढ़ा दी और संपर्क सीमित कर दिया। इससे आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया।


मंगलवार सुबह नगरा-सिसवार मार्ग स्थित एक विद्यालय के पास लगे विद्युत टावर पर चढ़कर युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा और अपनी मांग दोहराने लगा। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रभाकर शुक्ल के अनुसार, मामले में युवती और उसके परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।


इससे पहले 13 अप्रैल को सुखपुरा क्षेत्र में एक युवती प्रेमी पर शादी का दबाव बनाने के लिए बिजली के टावर पर चढ़ गई थी। बाद में परिजनों की सहमति से दोनों का विवाह करा दिया गया। वहीं, 19 अप्रैल को बांसडीह क्षेत्र में एक किशोर किशोरी से बात कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया था। पुलिस ने उसे समझाकर नीचे उतारा और अगले दिन इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़े   PM Modi: 2040 तक चंद्रमा पर पहला भारतीय भेजने का लक्ष्य


लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रही हैं, बल्कि युवाओं में बढ़ती भावनात्मक अस्थिरता की ओर भी संकेत करती हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी स्थिति में कानून हाथ में न लेने की अपील की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *