कोलकाता में निजी अस्पताल में आग, मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

कोलकाता में निजी अस्पताल में आग, मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

कोलकाता (जनवार्ता)। राजधानी के साल्टलेक इलाके में स्थित आनंदलोक अस्पताल में मंगलवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे अस्पताल की एक मंजिल से धुआं उठता देखा गया। आग धीरे-धीरे अन्य हिस्सों तक फैल गई, जिससे कई मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि, अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।
घटना के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से करीब 75 से 80 मरीजों को बाहर निकालकर पास की अन्य इमारतों में पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सभी मरीज सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका है कि अस्पताल की कैथ लैब या एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़की हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने अस्पताल को पूरी तरह खाली करा लिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए हर मंजिल की जांच की जा रही है कि कोई भी व्यक्ति अंदर न रह जाए। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया, जिससे कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
फिलहाल आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   मोदी पर ममता का निशाना,पत्र का जिक्र करते हुए कहा-'क्या मैं बंधुआ मजदूर हूं?'
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *