कैटरिंग का काम करने वाला हलवाई सप्ताहभर से लापता, पत्नी ने दर्ज कराई गुमशुदगी
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ क्षेत्र निवासी कैटरिंग कार्य से जुड़े हलवाई संजय मिश्रा (40) पिछले एक सप्ताह से लापता हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग न मिलने पर पत्नी जूही मिश्रा ने गुरुवार को भेलूपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जूही मिश्रा के अनुसार, उनके पति 15 अप्रैल को घर से महमूरगंज स्थित वैष्णवी लॉन में काम करने की बात कहकर निकले थे। 17 अप्रैल तक उनसे नियमित बातचीत होती रही, लेकिन 18 अप्रैल से उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और तब से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका है।
परिजनों ने संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। वैष्णवी लॉन में पूछताछ करने पर कर्मचारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संजय मिश्रा दिखाई दिए हैं, लेकिन इसके बाद वे कहां गए, इसकी जानकारी नहीं है।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं और जल्द से जल्द उनका पता लगाने की मांग कर रहे हैं।

