वाराणसी: महिला आरक्षियों के ग्रैंड रिहर्सल में दिखी अनुशासन और दक्षता की झलक
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस लाइन में शुक्रवार को प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी 491 महिला आरक्षियों का ग्रैंड रिहर्सल आयोजित किया गया। आगामी 26 अप्रैल को यहीं पासिंग आउट परेड संपन्न होगी।

ग्रैंड रिहर्सल का निरीक्षण पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया। इस दौरान महिला आरक्षियों की अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण दक्षता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उन्होंने कहा कि पासिंग आउट के बाद सभी आरक्षियों की तैनाती विभिन्न थानों में की जाएगी, जहां वे महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और आमजन की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आरक्षियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रथम परेड कमांडर रेनू, द्वितीय रोशनी गुप्ता और तृतीय रोशनी देवी सहित कुल 18 महिला सिपाही शामिल हैं।
पासिंग आउट परेड समारोह को योगी आदित्यनाथ लाइव संबोधित करेंगे।
रिहर्सल के दौरान पुलिस आयुक्त के साथ डीसीपी प्रमोद कुमार और गौरव बंसवाल ने गणतंत्र दिवस परेड की तर्ज पर जिप्सी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी तथा एसीपी गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

