गाजीपुर कांड पर विश्वकर्मा समाज का प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग
जहांनपुर (जनवार्ता)। गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरिया निवासी नीशू विश्वकर्मा के साथ कथित दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को लेकर विश्वकर्मा समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में विश्वकर्मा एकीकरण अभियान के बैनर तले समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग उठाई।

इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम प्रधान का पुत्र आशुतोष सिंह इस घटना का मुख्य साजिशकर्ता है, जो पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहा है तथा समाज के लोगों को उनसे मिलने से रोकने का प्रयास कर रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भारी जनदबाव के बाद घटना की रिपोर्ट चार दिन की देरी से दर्ज की गई। अब तक एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दूसरा फरार बताया जा रहा है। आरोप है कि हाल ही में पीड़ित परिवार से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल पर भी हमला कराया गया, जिसमें थानाध्यक्ष समेत कई लोग घायल हो गए।
विश्वकर्मा समाज ने आशुतोष सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त ज्ञापन में अन्य स्थानीय मामलों को भी उठाया गया, जिनमें निगोही थाना क्षेत्र के गजेंद्र नामक युवक की गुमशुदगी और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में कार्रवाई न होने की शिकायत शामिल है।
समाज के प्रतिनिधियों ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश प्रभारी नरेश पांचाल, महेश योगी, यशवंत मैथिल, श्रीनिवास शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

