प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में 1000 से अधिक छात्राएं व महिला खिलाड़ी बनाएंगी मानव श्रृंखला
परमानंदपुर से नटानिया दाई मंदिर तक ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम, वाराणसी में दौरे को लेकर उत्साह
वाराणसी (जनवार्ता)।
नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं और विभिन्न सामाजिक व शैक्षिक संस्थाएं इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रही हैं।

इसी क्रम में विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर की 1000 से अधिक छात्राएं और महिला खिलाड़ी सोमवार सुबह सात बजे परमानंदपुर से नटानिया दाई मंदिर तक ‘नारी शक्ति वंदन बालिका मानव श्रृंखला’ बनाएंगी। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एके सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और छात्राओं व महिला खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व वाराणसी में व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी श्रमदान कर लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान कर रहे हैं। रविवार को भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के जलालीपट्टी वार्ड में स्वच्छता अभियान के साथ घर-घर संपर्क कर महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य हो रहा है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल थी, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण यह पारित नहीं हो सका। इसके चलते महिलाओं में असंतोष भी देखा गया है।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कर्दमेश्वर मंडल के कंचनपुर क्षेत्र में जनसंपर्क कर महिलाओं को प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

