मुंबई में मानसून से पहले बीएमसी अलर्ट, 26 हजार से अधिक पेड़ों की छंटाई पूरी
7 जून तक शेष कार्य पूरा करने का लक्ष्य; खतरनाक पेड़ों को हटाने और सोसायटियों को नोटिस जारी
मुंबई, (जनवार्ता) :
मानसून के दौरान संभावित हादसों को टालने के लिए मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहरभर में पेड़ों की छंटाई का व्यापक अभियान तेज कर दिया है। उद्यान विभाग के अनुसार अब तक 26,672 पेड़ों की छंटाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष कार्य 7 जून तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बीएमसी द्वारा मानसून पूर्व किए गए सर्वेक्षण में शहर की सड़कों के किनारे स्थित कुल 1,90,296 पेड़ों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 513 पेड़ अत्यंत खतरनाक या सूखी अवस्था में पाए गए, जिनमें से 296 पेड़ों को अब तक हटाया जा चुका है।
प्रशासन ने निजी परिसरों और रेलवे क्षेत्रों में स्थित पेड़ों को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है। अब तक 7,978 सोसायटियों और संपत्ति मालिकों को पेड़ों की छंटाई और झुकी शाखाओं को हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, रेलवे ट्रैक के किनारे पेड़ों की देखरेख के लिए रेलवे प्रशासन से 34 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर कार्रवाई जारी है।
बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई में आमतौर पर 7 से 10 जून के बीच मानसून की शुरुआत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए 15 मई तक सर्वेक्षण और 7 जून तक सभी आवश्यक कार्य पूरा करने की योजना बनाई गई है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी पेड़ के गिरने का खतरा नजर आए या कोई शाखा असुरक्षित लगे, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


