स्कूल कनेक्ट से खुलेगा करियर की नई दुनिया का रास्ता
■ आईआईटी मद्रास के अक्टूबर बैच के लिए आवेदन शुरू, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग

(विशेष संवाददाता)
चेन्नई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (आईआईटी मद्रास) के ‘स्कूल कनेक्ट’ कार्यक्रम के अक्टूबर 2026 बैच के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उभरते करियर और अध्ययन के विभिन्न क्षेत्रों से परिचित कराना है, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की शिक्षा और करियर का निर्णय समय रहते ले सकें। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है और पाठ्यक्रम 5 अक्टूबर से शुरू होंगे।
पहली बार कक्षा 9 के विद्यार्थी भी शामिल
आईआईटी मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन (सीओडीई) की इस पहल में पहली बार कक्षा 9 के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है। अब कक्षा 9, 10, 11 और 12 के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकेंगे। पाठ्यक्रम अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी उपलब्ध होंगे। संस्थान भविष्य में सात अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है।
17 भविष्यपरक विषयों से परिचय
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को डेटा साइंस एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, एयरोस्पेस, साइबर सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, केमिकल इंजीनियरिंग, मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर एवं डिजाइन, प्रोडक्ट डिजाइन, कानून, अर्थशास्त्र एवं वित्त, मानविकी, इकोलॉजी, डिजिटल ह्यूमैनिटीज, गेम टेक्नोलॉजी, गणित एवं कंप्यूटिंग तथा इंजीनियरिंग बायोलॉजिकल सिस्टम सहित 17 विषयों से परिचित कराया जाएगा।
प्रत्येक पाठ्यक्रम आठ सप्ताह का होगा। इसमें रिकॉर्डेड व्याख्यान, लाइव सत्र, असाइनमेंट और कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन शामिल होंगे। निर्धारित मानदंड पूरा करने वाले विद्यार्थियों को आईआईटी मद्रास सीओडीई की ओर से आधिकारिक ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
1.75 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिला लाभ
आईआईटी मद्रास के अनुसार, स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम से अब तक 4,900 से अधिक स्कूल जुड़ चुके हैं, जिनमें भारत के बाहर के 60 से अधिक स्कूल शामिल हैं। कार्यक्रम से 1.75 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। संस्थान ने आने वाले वर्षों में इसे देश के 25,000 स्कूलों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

आईआईटी मद्रास सीओडीई के अध्यक्ष प्रो. एंड्रयू थंगराज ने पीआईबी के साथ आए पत्रकारों के दल से बातचीत में कहा कि स्कूल कनेक्ट विद्यार्थियों को शिक्षा और करियर के नए विकल्पों को जानने, समझने और अनुभव करने का अवसर देता है। कक्षा 9 को शामिल किए जाने से विद्यार्थियों को अपनी रुचियों को पहचानने और भविष्य के लिए बेहतर तैयारी करने का अधिक समय मिलेगा।
आईआईटी मद्रास के डीन-एकेडमिक्स प्रो. प्रताप हरिदास ने कहा कि विद्यार्थियों को करियर की जानकारी जितनी जल्दी मिलेगी, वे अपनी रुचियों और संभावनाओं को उतनी बेहतर तरह समझ सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य उनकी सोच का दायरा बढ़ाना और भविष्य के बारे में सूचित निर्णय लेने में मदद करना है।
स्कूल भी बन सकते हैं भागीदार
इच्छुक स्कूल प्रबंधन आईआईटी मद्रास स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम से साझेदारी के लिए आईआईटी मद्रास स्कूल कनेक्ट पोर्टल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को आईआईटी मद्रास परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
#IITMadras #IITM #SchoolConnect #IITMadrasSchoolConnect #CareerGuidance #CareerEducation #FutureCareers #StudentCareer #SchoolStudents #Education #HigherEducation #CareerAwareness #ArtificialIntelligence #DataScience #CyberSecurity #Aerospace #Engineering #DigitalEducation #OnlineLearning #Chennai #TamilNadu #EducationNews #Students #CareerOpportunities #Janwarta #जनवार्ता #आईआईटीमद्रास #स्कूलकनेक्ट #करियरगाइडेंस #शिक्षा #विद्यार्थी #सचकेसाथ

