चंदौली में जमीनी विवाद में व्यवसायी पर हमला
व्यापारियों में आक्रोश
चंदौली (जनवार्ता): चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां बाजार में जमीनी विवाद को लेकर एक बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल व्यवसायी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान संजय सिंह के रूप में हुई है, जो बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार करते हैं। आरोप है कि मंगलवार दोपहर कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर उन पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी दोनों ही धानापुर थाना क्षेत्र के नेदिलपुर गांव के निवासी हैं। घटना के बाद संजय सिंह ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इधर, घटना को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों का आरोप है कि तहरीर दिए जाने के करीब 20 घंटे बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और आरोपी अब तक फरार हैं। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

