बिहार में पिकअप लूट का विरोध करने पर चंदौली के युवक को मारी गोली

बिहार में पिकअप लूट का विरोध करने पर चंदौली के युवक को मारी गोली

चंदौली। बिहार के समस्तीपुर जिले में पिकअप वाहन लूटने का विरोध करना चंदौली के एक युवक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने वाहन लूटने के प्रयास के दौरान युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के खगवल गांव निवासी अवनीश कुमार मौर्या (26) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

rajeshswari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवनीश कुमार मौर्या पिकअप वाहन पर मिर्च लादकर बिहार जा रहा था। इसी दौरान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी पर बने पुल के पास सलखन्नी चौक के समीप बदमाशों ने पिकअप लूटने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि अवनीश ने बदमाशों की इस कोशिश का विरोध किया। इससे नाराज बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान करने और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। हालांकि, घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

अवनीश की मौत की खबर जैसे ही चंदौली स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस युवक के सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद थी, उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद खगवल गांव में मातम पसरा हुआ है। रोजगार के सिलसिले में निकले युवक की इस तरह हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इसे भी पढ़े   गंगा में क्रूज संचालन की तैयारी तेज
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *