संभल में शौच को लेकर पुलिसकर्मियों में विवाद, दो पर कार्रवाई
संभल (जनवार्ता)। जनपद में पुलिस विभाग का एक विवादित मामला सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला ड्यूटी के दौरान अनुपस्थिति और उसके बाद कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज प्वाइंट पर तैनात हेड कांस्टेबल जय भगवान ड्यूटी के दौरान मौके से अनुपस्थित पाए गए। ट्रैफिक प्रभारी दुष्यंत बालियान जब लहरावन गांव के पास चेकिंग के लिए पहुंचे, तो संबंधित पुलिसकर्मी वहां मौजूद नहीं थे। इस पर उनकी गैरहाजिरी दर्ज कर ली गई।
कुछ देर बाद लौटने पर हेड कांस्टेबल ने सफाई देते हुए बताया कि पेट खराब होने के कारण वह पास के पेट्रोल पंप पर शौच के लिए गए थे। आरोप है कि इस दौरान ट्रैफिक प्रभारी ने नाराजगी जताते हुए उनसे आपत्तिजनक टिप्पणी की।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई। अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

