दूसरी शादी के बाद पति ने पत्नी का गला घोंटकर की हत्या
वाराणसी (जनवार्ता) । लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में एक चौंकाने वाली हत्या का मामला सामने आया है। पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया।

मृतका की पहचान पूनम शर्मा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मनोज शर्मा बताया गया है। दोनों की दूसरी शादी थी। पुलिस के अनुसार, बीती रात दोनों के बीच मामूली बात पर विवाद हो गया, जिसके बाद मनोज शर्मा ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पूनम शर्मा का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति घटनास्थल से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही लक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कबीरचौरा अस्पताल के मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया । पुलिस आरोपी मनोज शर्मा की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
लक्सा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। तकनीकी सहायता भी ली जा रही है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

