मेरठ : 26 वर्षीय महिला की गर्दन काटकर हत्या
तीन मासूम बेटियों के सामने वारदात
मेरठ (जनवार्त)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत मजीद नगर में शुक्रवार सुबह एक जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। 26 वर्षीय कौसर नामक महिला की उसके ही किराए के मकान के कमरे में बेरहमी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। शव खून से लथपथ हालत में बेड के पास फर्श पर पड़ा मिला।

घटना की जानकारी के अनुसार, वारदात से लगभग एक घंटा पहले महिला का पति साकिब ई-रिक्शा लेकर मंडी चला गया था। सुबह करीब 8 बजे तीनों छोटी बेटियों (जिनमें सबसे छोटी की उम्र महज डेढ़ साल है) मकान मालिक के पास पहुंचीं और अपने पिता से बात करने की जिद करने लगीं। मकान मालिक ने फोन पर पिता से बात कराई, लेकिन बच्चों के मोबाइल लेकर ऊपर कमरे में जाने के कुछ ही देर बाद वे जोर-जोर से रोने लगीं।
बच्चियों की रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक की पत्नी ऊपर पहुंचीं तो कमरे का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। कौसर का शव खून से सना पड़ा था। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पति साकिब भी मौके पर पहुंचा और पत्नी की लाश देखकर फूट-फूटकर रोने लगा।
मकान मालिक इसरार उर्फ सोनू ने बताया कि साकिब अपनी पत्नी कौसर (मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी की रहने वाली) और तीन बेटियों के साथ उनकी मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहता था। दोनों की शादी को करीब सात साल हो चुके थे।
बड़ी बेटी का चौंकाने वाला बयान
………………………………………
मृतका की बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि काले कपड़ों में एक अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुसा, उसने उसकी मां को पकड़कर मार डाला और मौके से फरार हो गया। उस समय दो छोटी बहनें सो रही थीं और पिता घर पर नहीं थे।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
यह घटना मासूम बच्चों की उपस्थिति में हुई होने के कारण पूरे इलाके में गहरी संवेदना और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

