पटना : थाने में युवक की संदिग्ध मौत

पटना : थाने में युवक की संदिग्ध मौत

चौकीदार कक्ष में फंदे से लटका मिला शव, पत्नी ने ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

पटना (जनवार्ता)। बिहार के पटना जिले के सिगोड़ी थाना परिसर में पूछताछ के लिए लाए गए करीब 30 से 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव थाना परिसर स्थित चौकीदार कक्ष में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तीज पर्व से ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

rajeshswari

घटना की सूचना मिलने पर सिटी पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, पालीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पालीगंज के अनुमंडल दंडाधिकारी तत्काल सिगोड़ी थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की जांच की। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पत्नी ने ठेकेदार पर लगाया आरोप

मृतक की पत्नी ने पुलिस और स्थानीय ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके पति को ठेकेदार से अपनी मेहनत की बकाया मजदूरी लेनी थी। शनिवार को वह अपने पैसे मांगने ठेकेदार के पास गए थे। आरोप है कि ठेकेदार ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

पत्नी के अनुसार, इसके कुछ समय बाद परिवार को फोन कर बताया गया कि युवक की तबीयत खराब है और उन्हें सीधे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान जाने को कहा गया। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो वहां युवक का शव मिला।

इसे भी पढ़े   "काहे लिखल अईसन किस्मत"पारिवारिक भोजपुरी फिल्म

थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

थाना परिसर जैसे सुरक्षित स्थान पर युवक का शव फंदे से लटका मिलने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक किन परिस्थितियों में चौकीदार कक्ष तक पहुंचा और वहां फंदा लगाने की स्थिति कैसे बनी, इसकी जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *