काशी विश्वनाथ में पीएम मोदी के जूते पर विवाद, जानिए सच
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी विश्वनाथ धाम दौरे की एक तस्वीर को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पीएम मंदिर परिसर में जूते पहनकर पहुंचे थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी इस तस्वीर को लेकर चर्चा तेज हो गई।
दरअसल, पीएम मोदी 29 अप्रैल को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद उनकी कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें वह बच्चों से मुलाकात करते दिखाई दिए। इन्हीं तस्वीरों को लेकर सवाल उठाए गए।
मंदिर परिसर के नियमों के अनुसार श्रद्धालु शंकराचार्य चौक तक जूते-चप्पल पहनकर जा सकते हैं। यहीं जूते रखने की व्यवस्था भी है। गर्भगृह और मुख्य पूजास्थल क्षेत्र में जूते पहनकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।
बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए मुख्य दर्शन क्षेत्र में प्रवेश से पहले जूते उतार दिए थे। विवादित तस्वीर शंकराचार्य चौक से ललिता घाट की ओर जाते समय की बताई जा रही है, जहां जूते पहनकर जाने पर कोई रोक नहीं है।

इसी दौरान पीएम ने वहां मौजूद बच्चों और श्रद्धालुओं से मुलाकात की थी। बच्चे दर्शन के लिए जा रहे थे, इसलिए वे नंगे पैर दिखाई दे रहे थे। मंदिर प्रशासन से जुड़े सूत्रों ने कहा कि तस्वीर को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।

