गुरु जी की पुण्यतिथि पर आरएस शिव मूर्ति पब्लिक स्कूल में भव्य हॉकी प्रतियोगिता
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया स्थित आरएस शिव मूर्ति पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को स्वर्गीय श्रीकांत तिवारी उर्फ ‘गुरु जी’ की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के फिजिकल एजुकेशन विभाग के विभागाध्यक्ष अखिल मल्होत्रा रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करता है।


कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में प्रत्यूष तिवारी, विनोद सिंह, परमेश यादव, इस्तेबाल कुरेशी उर्फ बाबू भाई तथा मुन्नालाल विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विजेता टीमों एवं प्रतिभागी बच्चों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान स्कूल परिसर में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। विद्यालय के डायरेक्टर योगेंद्र प्रताप सिंह को बनारस इंडिपेंडेंस क्लब का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। क्लब के सदस्यों और पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित लोगों ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रिंसिपल राकेश तिवारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु जी का जीवन अनुशासन, संघर्ष और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को खेल और संस्कार दोनों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पूरे आयोजन के माध्यम से गुरु जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

