संसाधनों के अभाव में जूझ रहे काशी के टेबल टेनिस खिलाड़ी
वाराणसी, (जनवार्ता)।
काशी के टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रतिभा होने के बावजूद संसाधनों और सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि महंगे उपकरण, कोच की कमी और आर्थिक अभाव उनके खेल को प्रभावित कर रहे हैं।

वाराणसी डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन से जुड़े खिलाड़ियों ने बताया कि सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल बनने के बावजूद उन्हें नियमित प्रशिक्षण की सुविधा नहीं मिल पा रही है। खिलाड़ियों के अनुसार स्टेडियम में कोच की नियुक्ति न होने से अभ्यास और नई प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने में दिक्कत हो रही है।
खिलाड़ियों ने बताया कि शुरुआती स्तर पर हर महीने 5 से 6 हजार रुपये और उच्च स्तर पर 20 से 25 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ता है। महंगे रैकेट, गेंदें और टूर्नामेंट में यात्रा का खर्च मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
राष्ट्रीय खिलाड़ी सौम्या सिंह और विराट सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए स्वास्थ्य बीमा, फिजियोथेरेपी और यात्रा रियायत जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में टेबल टेनिस के लिए बुनियादी ढांचे का अभाव है।
खिलाड़ियों ने सरकार और प्रशासन से कोच की नियुक्ति, खेल सामग्री पर आर्थिक सहायता, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल केंद्र खोलने और सरकारी स्कूलों में टेबल टेनिस को बढ़ावा देने की मांग की है।

