कैंटर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, जीजा-साले की मौत
बागपत (जनवार्ता)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि एक युवक मामूली रूप से घायल हो गया।
केतीपुरा निवासी साहिल अपने भाई समीर और साले शादाब उर्फ भूरा के साथ हरियाणा के जींद से भूसा लेकर लौट रहे थे। बागपत ब्लॉक के पास पीछे से आए कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे साहिल और शादाब को बाहर निकाला। शादाब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल साहिल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। समीर को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक साहिल अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

