दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह नॉर्थ ब्लॉक स्थित केंद्रीय सचिवालय की इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। इमारत से धुएं का घना गुबार उठता देख अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर समय रहते काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

rajeshswari

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत की छत पर लगे एसी बॉयलर में आग लगी थी। बताया जा रहा है कि परिसर में मरम्मत और तोड़फोड़ से संबंधित काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग के समय शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सांसद मिलिंद देवड़ा ने भी देखा धुएं का गुबार

संसद जा रहे राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा ने भी नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से उठता धुएं का घना गुबार देखा। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी साझा करते हुए लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित कार्रवाई की उम्मीद व्यक्त की।

गृह और वित्त मंत्रालय के कार्यालय इसी इमारत में

रायसीना हिल क्षेत्र में स्थित नॉर्थ ब्लॉक केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण प्रशासनिक इमारतों में शामिल है। यहां केंद्रीय गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के कार्यालय हैं। ऐसे संवेदनशील सरकारी परिसर में आग लगने की सूचना से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ गई।

दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

इसे भी पढ़े   उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, 10 राज्यों में लू का अलर्ट
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *