मेरठ में ग्रैंड स्क्वेयर कॉम्प्लेक्स सील, यूट्यूबर शादाब जकाती के शोरूम पर भी कार्रवाई
मेरठ (जनवार्ता)। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को आवास विकास परिषद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हापुड़ रोड स्थित ग्रैंड स्क्वेयर कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कॉम्प्लेक्स में करीब 200 दुकानें संचालित हो रही थीं, जिन सभी पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसी कॉम्प्लेक्स में चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती का गोल्ड ज्वेलरी शोरूम भी स्थित है। आवास विकास की टीम ने उनके शोरूम को भी सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और व्यापारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
कॉम्प्लेक्स के मालिक ने आवास विकास परिषद पर नियम विरुद्ध कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तीन वर्ष पहले बने इस कॉम्प्लेक्स को लेकर पहले कभी कोई नोटिस जारी नहीं किया गया था। उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में शादाब जकाती ने यहां “वन ग्राम ज्वेलरी” शोरूम का उद्घाटन किया था। उद्घाटन कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने के कारण प्रशासन ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाद में गिरफ्तारी के बाद उन्हें थाने से ही जमानत मिल गई थी।
अब कॉम्प्लेक्स पर हुई सीलिंग कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। व्यापारियों का आरोप है कि बिना स्पष्ट कारण बताए पूरे परिसर को सीज कर दिया गया। वहीं कुछ व्यापारियों ने इस कार्रवाई को हालिया विवादों से जोड़कर देखा है।
फिलहाल आवास विकास परिषद की ओर से इस मामले में विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, जबकि शादाब जकाती की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


