276 पार्कों का होगा कायाकल्प: नगर आयुक्त
वाराणसी (जनवार्ता) । शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की दिशा में वाराणसी नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर के चिन्हित 276 पार्कों और खेल मैदानों का चरणबद्ध तरीके से कायाकल्प कराया जाएगा। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
नगर आयुक्त ने बताया कि पार्कों में व्यापक स्तर पर सुंदरीकरण कार्य कराए जाएंगे। इसके अंतर्गत फूलों वाले पौधे लगाए जाएंगे, नई क्यारियां विकसित की जाएंगी तथा हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा पार्कों की दीवारों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का कार्य भी कराया जाएगा। पार्कों के मुख्य गेट पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर पार्क से संबंधित आवश्यक जानकारी अंकित रहेगी।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर नगर निगम ने शहर के पार्कों, खेल मैदानों और अन्य खुली जगहों के संरक्षण और विकास के लिए विस्तृत सूची तैयार की है। इस सूची में नगर निगम के पार्कों के साथ-साथ वाराणसी विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, हॉर्टिकल्चर विभाग तथा स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत आने वाले पार्कों और खेल मैदानों को भी शामिल किया गया है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार कई पार्कों की स्थिति लंबे समय से खराब थी, जहां मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अभियान के तहत ऐसे पार्कों को प्राथमिकता देकर उनका विकास कराया जाएगा। साथ ही बच्चों के खेलने, लोगों के टहलने और बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि लोगों को बेहतर वातावरण भी मिल सकेगा।


