वाराणसी : बाइक की टक्कर के बाद सड़क पर गिरी युवती को डीसीएम ने कुचला, मौत
बाइक सवार युवक घायल
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर हाईवे पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हो गया। बाइक की दूसरी मोटरसाइकिल से टक्कर होने के बाद युवती सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के केवटावीर गांव निवासी किशन यादव (20) अपनी दोस्त शिवानी (20) के साथ मोटरसाइकिल से बनारस घूमने आ रहा था। दोनों मोहनसराय की ओर से अमरा-अखरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पंडितपुर हाईवे पर उनकी बाइक की एक अन्य मोटरसाइकिल से हल्की टक्कर हो गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में किशन सड़क के बाईं ओर गिरा, जबकि शिवानी दाईं ओर जा गिरी। इसी बीच पीछे से आ रहे एक वाहन ने शिवानी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। चौकी प्रभारी भदवर पवन यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती को पीछे से आ रहे सफेद रंग के डीसीएम से कुचले जाने की जानकारी मिली है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

