काशी में दो दिन मनाया गया भाई दूज, बहनों ने मूसल से कूटा गोधन
लोकगीतों से गूंजे घर-आंगन
वाराणसी (जनवार्ता)। धर्मनगरी काशी में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व बुधवार को भी पारंपरिक रीति-रिवाजों और उल्लास के साथ मनाया गया। भाइयों की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए बहनों ने व्रत रखकर गोधन पूजन किया। इस दौरान बहनों ने परंपरा के अनुसार मूसल से गोधन कूटा और गूंग भटकड्यां के कांटे को जीभ से स्पर्श कर भाइयों की सलामती की प्रार्थना की।

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घरों, गलियों और मोहल्लों में सुबह से ही गोधन पूजन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने समूह बनाकर गोबर से गोधन चक्र और आयु चक्र बनाया। इसमें पूजन सामग्री, मिठाई, चना और कांटेदार पौधे रखे गए। इसके बाद बुजुर्ग महिलाओं की देखरेख में पारंपरिक विधि से पूजन किया गया। इस दौरान गोधन से जुड़े लोकगीतों की गूंज सुनाई देती रही। ‘गोधन भइया चलले अहेरिया, खिलिच बहिना दे ली आशीष, जिउसहू मोरा भइया…’ जैसे लोकगीतों ने पर्व की पारंपरिक छटा बिखेरी।
गोधन पूजन के दौरान बहनों ने मूसल से प्रतीकात्मक रूप से गोधन कूटा और कांटे को जीभ से स्पर्श कराया। लोकमान्यता है कि इस परंपरा से भाई के जीवन की बाधाएं और संकट दूर होते हैं तथा उसे लंबी आयु प्राप्त होती है। पूजन के बाद बहनों ने भाइयों को आसन पर बैठाकर माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा करने और सुख-दुख में साथ निभाने का वचन देते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
पर्व को लेकर बाजारों में मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर रौनक रही। विवाहित बहनों के मायके आने-जाने के कारण कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज और निजी बस अड्डों पर भी चहल-पहल देखने को मिली। बच्चों और महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा।
दो दिन मनाया गया भाई दूज का पर्व
इस वर्ष द्वितीया तिथि मंगलवार को अपराह्न करीब दो बजे शुरू होने के कारण बड़ी संख्या में बहनों ने मंगलवार को ही भाई दूज मनाया। वहीं उदया तिथि की मान्यता के अनुसार अधिकांश बहनों ने बुधवार को पूजन किया। इस कारण काशी में भाई दूज का उत्सव लगातार दो दिनों तक मनाया गया।
यमराज और यमुना से जुड़ी है मान्यता
पौराणिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे। बहन के आतिथ्य और प्रेम से प्रसन्न होकर उन्होंने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक लगवाएगा और भोजन करेगा, उसे यमराज के भय से मुक्ति मिलेगी। तभी से भाई दूज पर बहन के घर जाकर तिलक लगवाने और भोजन करने की परंपरा प्रचलित है।

