लखनऊ थाना रैंकिंग जारी: 46 थाने अव्वल, अमीनाबाद सबसे पीछे
लखनऊ, (जनवार्ता) । लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने अप्रैल 2026 की थाना रैंकिंग जारी कर दी है। इस बार 46 थानों ने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि अमीनाबाद थाना सबसे निचले पायदान पर रहा। कमजोर प्रदर्शन वाले थानों की अब विशेष समीक्षा की जाएगी।

जारी रिपोर्ट के अनुसार सुशांत गोल्फ सिटी, अलीगंज, महिला थाना, इटौंजा, नगराम, गोमतीनगर, बाजार खाला, सआदतगंज, तालकटोरा और आलमबाग समेत कुल 46 थानों को पूरे अंक मिले। इन थानों में अपराध नियंत्रण, शिकायत निस्तारण, जनसुनवाई और बीट पुलिसिंग की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
रैंकिंग में विकासनगर थाना 99 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। विभूतिखंड, इंदिरानगर और गोमतीनगर विस्तार को 98 प्रतिशत अंक मिले, जबकि सैरपुर और मानकनगर थानों को 95 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। अमीनाबाद थाना 94 प्रतिशत अंक के साथ सूची में सबसे पीछे रहा।
कमिश्नरेट अधिकारियों के अनुसार थाना रैंकिंग में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, जनसुनवाई और बीट पुलिसिंग जैसे मानकों को शामिल किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य थानों में जवाबदेही बढ़ाना और बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करना है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आने वाले महीनों में कमजोर प्रदर्शन वाले थानों की विशेष समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

