चंदौली : चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या

चंदौली : चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या

शव नीचे फेंककर फरार हुए बदमाश

चंदौली (जनवार्ता) : उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में रविवार सुबह एक डरावनी घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन के एक जनरल कोच में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को सिर में गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी यात्रियों की मौजूदगी में शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गए।

rajeshswari

घटना कुछमन स्टेशन के आगे इब्राहिमपुर और दरियापुर गांव के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के अनुसार, ट्रेन में कुछ युवकों के बीच पहले तेज बहस छिड़ी। कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की तेज आवाज गूंजी। गोली युवक के सिर में बेहद करीब से लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पूरे डिब्बे में चीख-पुकार मच गई और यात्री दहशत में इधर-उधर भागने लगे।

आरोपियों ने किसी को कुछ समझने का मौका नहीं दिया। उन्होंने मृतक का शव तुरंत चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। दोनों आरोपी युवक पिट्ठू बैग लेकर काफी देर से ट्रेन में सवार थे। सकलडीहा स्टेशन से पहले ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही दोनों आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया। मुगलसराय जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान की जा रही है।

चंदौली, अलीनगर और सकलडीहा थानों की पुलिस के साथ जीआरपी की कई टीमें संयुक्त रूप से छानबीन कर रही हैं। अपराधियों की तलाश में पुलिस ने कई दलों को लगाया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान दर्ज कर रही है।

इसे भी पढ़े   चंदौली में जमीनी विवाद में व्यवसायी पर हमला
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *