दाउदपुर में ट्रक–ऑटो की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, एक घायल
छपरा (जनवार्ता)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के छपरा–सीवान मुख्य मार्ग पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बनवार ढाला सोनिया पुल के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक ऑटो छपरा से एकमा की ओर जा रहा था, तभी सीवान की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा भेजा गया। अस्पताल पहुंचने के दौरान ही एक घायल ने दम तोड़ दिया। मृतकों में से एक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया गया है। ऑटो में वाद्य यंत्र मिलने से आशंका जताई जा रही है कि सवार लोग कलाकार हो सकते हैं।
पुलिस ने ट्रक और ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


