भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन, प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर सपा सांसद पर निशाना
वाराणसी (जनवार्ता)।समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “अखिलेश यादव शर्म करो” और “सपा सांसद माफी मांगो” जैसे नारे लगाए।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विनीता सिंह, महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सपा सांसद की टिप्पणी आपत्तिजनक और अस्वीकार्य है, जो सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
जिला अध्यक्ष विनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में नकारात्मकता फैलाती हैं और सभी महिलाओं से इसके खिलाफ एकजुट होने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने समाजवादी पार्टी से सार्वजनिक माफी की मांग भी की और पार्टी नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठाए।


