पहलगाम में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी पर्यटकों की कार, गुजरात के दंपति की मौत
पहलगाम से शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पहलगाम-अरु मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें गुजरात के एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार गुजरात निवासी अशोक भाई और उनकी पत्नी नैना बेन कश्मीर घूमने आए थे। शनिवार को वे टैक्सी संख्या JK21A-0379 से अरु वैली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंडलन क्षेत्र के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि दंपति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वाहन चला रहे पहलगाम निवासी रईस अहमद भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए Government Medical College Anantnag रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों और गुजरात पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


