सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में वाराणसी से एक और आरोपी गिरफ्तार

सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में वाराणसी से एक और आरोपी गिरफ्तार

अब तक यूपी से तीन आरोपी पकड़े गए

वाराणसी (जनवार्ता)। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई ने वाराणसी से एक और आरोपी विनय राय उर्फ पमपम को गिरफ्तार किया है। आरोपी गाजीपुर जिले के देवरिया गांव का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसे वाराणसी स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन की रिमांड मंजूर होने के बाद सीबीआई उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई।

rajeshswari

सीबीआई के अनुसार विनय राय का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट तथा अवैध हथियार तस्करी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2012 में दिल्ली-हरियाणा सीमा से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार होने के बाद वह तिहाड़ जेल भी जा चुका है। वर्ष 2017 में नन्हकू यादव हत्याकांड और अरविंद यादव पर फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

इससे पहले सोमवार को सीबीआई ने मुजफ्फरनगर से बलिया निवासी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया था, जिसे मामले का मुख्य शूटर माना जा रहा है। वहीं 10 मई को बलिया के ही राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया था। इस प्रकार अब तक उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद 6 मई को शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।

इसे भी पढ़े   काशी विश्वनाथ में पीएम मोदी के जूते पर विवाद, जानिए सच

जांच एजेंसियों के अनुसार हत्या की साजिश में कम से कम आठ लोगों के शामिल होने की आशंका है। आरोपियों ने कई दिनों तक चंद्रनाथ रथ की गतिविधियों की रेकी की थी। वारदात में प्रयुक्त कार और बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी तथा वाहन के इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे। जांच के दौरान टोल प्लाजा पर किए गए एक डिजिटल भुगतान के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

सीबीआई का मानना है कि हत्या पेशेवर शूटरों द्वारा सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। मामले में अब भी कई संदिग्धों की तलाश जारी है।

चंद्रनाथ रथ पूर्वी मिदनापुर के नंदीग्राम के निवासी थे और भारतीय वायुसेना में अधिकारी रह चुके थे। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद वह शुभेंदु अधिकारी की टीम से जुड़े और वर्ष 2021 से उनके निजी सहायक के रूप में कार्य कर रहे थे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *