मेरठ : गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरकर छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ (जनवार्ता)। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरकर प्रबंधन द्वितीय वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान सहारनपुर निवासी अनुपमा उर्फ अनु गुप्ता के रूप में हुई है। वह विश्वविद्यालय के सरोजिनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे छात्रा का खून से लथपथ शव हॉस्टल के नीचे पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि वह मुंह के बल नीचे गिरी थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। शव मिलने के बाद छात्राओं और विश्वविद्यालय प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले हॉस्टल की एक महिला कर्मचारी की नजर छात्रा पर पड़ी। इसके बाद अन्य छात्राओं और विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के साथ रहने वाली सहेलियों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से छात्रा की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक और दहशत का माहौल है।

