विधवा महिला ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
चार वर्षों से लगा रही न्याय की गुहार
वाराणसी (जनवार्ता)। फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव गांव में एक विधवा महिला ने अपने ही पैतृक घर में प्रवेश से रोके जाने और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले चार वर्षों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसे राहत नहीं मिल सकी है।

कठिरांव निवासी शिव देवी, पत्नी स्वर्गीय विश्व प्रकाश मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके देवर और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें पैतृक मकान में घुसने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि मकान में उनका भी हिस्सा है तथा उनके कमरे में आभूषण और घरेलू सामान रखा हुआ है, लेकिन जब भी वह वहां जाने का प्रयास करती हैं तो उनके साथ मारपीट और अभद्रता की जाती है।
पीड़िता के अनुसार, वह न्याय की मांग को लेकर कई बार मुख्यमंत्री से गोरखपुर और लखनऊ में मिल चुकी हैं। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर और स्थानीय थाना-चौकी पर भी कई बार शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शिव देवी ने बताया कि उनके ससुर स्वर्गीय सत्य नारायण मिश्रा की चार संतानों में उनके पति सबसे बड़े थे। परिवार के सभी भाइयों का पैतृक मकान में हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वह जीविकोपार्जन के लिए शहर में किराये पर रहती हैं और पूर्व में अपने सास-ससुर की सेवा भी करती थीं।
महिला का आरोप है कि दबंग परिवारजन राजनीतिक प्रभाव के चलते कार्रवाई से बच रहे हैं।

