यातायात व्यवस्था पर तीसरी नजर: 20 नए चौराहे होंगे कैमरों से लैस, टोयोटा देगी 3.07 करोड़

यातायात व्यवस्था पर तीसरी नजर: 20 नए चौराहे होंगे कैमरों से लैस, टोयोटा देगी 3.07 करोड़

दुर्घटना और जाम की सूचना पर तत्काल अलर्ट होगी पुलिस

वाराणसी (जनवार्ता)। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 20 और प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना के लिए टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड सीएसआर फंड से 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। शुक्रवार को सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और कंपनी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

rajeshswari

महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी तथा टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी की मौजूदगी में समझौते का आदान-प्रदान हुआ। परियोजना के तहत शहर के 20 संवेदनशील चौराहों पर आधुनिक निगरानी तंत्र स्थापित किया जाएगा।

स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस के सर्वेक्षण के अनुसार, संकरी सड़कों और प्रतिवर्ष सात से नौ करोड़ पर्यटकों के आगमन के कारण शहर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2025 में करीब तीन हजार सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि प्रतिदिन यातायात नियमों के उल्लंघन के लगभग 500 मामले सामने आते हैं। पूर्व में चिह्नित 98 संवेदनशील स्थलों में से 21 चौराहों पर आईटीएमएस और एटीसीएस सिस्टम लगाए जा चुके हैं। अब पुलिस प्रशासन के अनुरोध पर 20 अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी।

नए कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। यहां पुलिस और सुरक्षाकर्मी 24 घंटे रीयल टाइम निगरानी करेंगे। किसी दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित नजदीकी थाने को तत्काल अलर्ट भेजा जाएगा।

इसे भी पढ़े   विद्युत पेंशनर्स सम्मेलन में 11 सूत्रीय मांगों पर जोर

फरवरी 2027 तक तैयार होगा निगरानी तंत्र

परियोजना के तहत कैमरों और उपकरणों की स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य नवंबर में शुरू होगा। दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन और फरवरी 2027 तक परियोजना का हैंडओवर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे हेलमेट, सिग्नल और लेन अनुशासन जैसे यातायात नियमों के पालन में 20 से 30 प्रतिशत तक सुधार होने की उम्मीद है। वहीं सिग्नल जंपिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में 20 से 30 प्रतिशत तक कमी आने का अनुमान है।

300 वाहन चालकों को मिलेगा सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण

परियोजना के दूसरे चरण में शहर के 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कंपनी की ओर से जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा भदैनी, मलदहिया, रामनगर और टिकरी स्थित सरकारी बालिका विद्यालयों में स्वच्छता अभियान के तहत शौचालयों का निर्माण कराया गया है।

त्रिनेत्र भवन में 2700 कैमरों से निगरानी

कार्यक्रम से पहले नगर आयुक्त और टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने त्रिनेत्र भवन स्थित कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। स्मार्ट सिटी के प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी ने केंद्र की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां कुल 2700 कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 108 एएनपीआर कैमरे और 2169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं। कमांड सेंटर से शहर की यातायात व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की निगरानी की जाती है।

इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, महाप्रबंधक (वित्त) संदीप तिवारी, प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी तथा टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के महाप्रबंधक (सीएसआर) रोशन आर, महाप्रबंधक (एसबीयू) सुखदीप ढींगरा, राजेंद्र गोयनका और राहुल गोयनका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *