महिला आयोग की जनसुनवाई में मिलीं छह शिकायतें, दो का मौके पर निस्तारण
वाराणसी । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


शिकायतों में भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, पति द्वारा प्रताड़ना, पुश्तैनी मकान विवाद सहित अन्य मामले शामिल रहे। सदस्या ने महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को विकासखंड हरहुआ में विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता चौपाल आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

