वाराणसी में बारातियों पर पुलिस का शिकंजा!

वाराणसी में बारातियों पर पुलिस का शिकंजा!

सड़क के एक-तिहाई हिस्से में ही निकल सकेगी बारात, रात 10 बजे के बाद डीजे बंद

वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में वैवाहिक आयोजनों और बारात के नाम पर यातायात बाधित करने, सड़क पर जाम लगाने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर अब पुलिस सख्ती करेगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बारात, मैरिज लॉन और बारात घरों के संचालन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत बाराती सड़क के एक-तिहाई हिस्से से अधिक पर कब्जा नहीं कर सकेंगे। बारात निकालते समय रस्से का प्रयोग अनिवार्य होगा, जबकि बारात की रवानगी से पहले संबंधित स्थानीय थाने को सूचना देनी होगी।

rajeshswari

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी। अश्लील गाने बजाने अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने पर डीजे सीज करने के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बारात के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।

मैरिज लॉन और बारात घरों के संचालकों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। परिसर में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण लगाना भी अनिवार्य किया गया है। सड़क पर वाहनों की पार्किंग करy यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने सभी डीसीपी को मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है। वहीं, थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में वैवाहिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

इसे भी पढ़े   झांसी : दिनदहाड़े पत्नी के सामने पति की हत्या

शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर रात 11 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि बारात और वैवाहिक आयोजनों के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस का उद्देश्य शादी-विवाह के आयोजनों को व्यवस्थित रखने के साथ आम लोगों को जाम और ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाना है। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *