डीएम ने की एचपीवी टीकाकरण अभियान में सहभागिता की अपील
14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को सीएचसी-पीएचसी पर निःशुल्क लग रहा टीका
वाराणसी (जनवार्ता)। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए शासन द्वारा जिले में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर लगाया गया टीका इस बीमारी से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, गुणवत्तापरक तथा चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर निशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विशेष टीकाकरण सत्र सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि टीकाकरण के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा आयु प्रमाणित करने वाला दस्तावेज तथा ओटीपी के लिए मोबाइल फोन साथ लाना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि विश्व के 100 से अधिक देशों में इस टीके का उपयोग किया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
डीएम ने लोगों से अपील की कि टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांतियों पर ध्यान न दें तथा पात्र बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से यह अभियान सफल होगा और जनपद की बेटियां स्वस्थ एवं सुरक्षित बनेंगी।

