हैबियस कॉर्पस मामले में वांछित महिला अभियुक्त गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हैबियस कॉर्पस रिट एवं थाना सारनाथ में दर्ज मुकदमे से संबंधित एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता विभा पटेल पत्नी विक्रम पटेल (42 वर्ष) मूल रूप से हवेलिया, थाना सारनाथ क्षेत्र की निवासी है और वर्तमान में गोपालपुर, जबलपुर (मध्यप्रदेश) में रह रही थी। अभियुक्ता थाना सारनाथ में दर्ज मुकदमा संख्या 0299/2013 धारा 326ए एवं 452 आईपीसी में वांछित चल रही थी। मामले में न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
थाना सारनाथ पुलिस टीम ने शुक्रवार को थाना परिसर से अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक शिवनारायण, महिला उपनिरीक्षक उमा जादौन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

