एसटीएफ : 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
आजमगढ़ (जनवार्ता): स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश ने 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार कर लिया है।

एसटीएफ की टीम ने मंगलवार देर रात करीब 1:05 बजे आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पर बिंद्रा बाजार कट, जियो टावर के सामने ग म्भीरपुर क्षेत्र में अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार किया। अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली, निवासी मुस्लिम पट्टी, थाना निजामाबाद, जिला आजमगढ़ का रहने वाला है। वह थाना निजामाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 30/2026 (धारा 2(ख)(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम) में वांछित था और उसके ऊपर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ उत्तर प्रदेश को लंबे समय से इनामी अपराधियों की सूचना मिल रही थी। प्रयागराज स्थित एसटीएफ फील्ड यूनिट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस टीम में उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, रोहित सिंह, किशनचंद और आरक्षी चालक रविकांत सिंह शामिल थे। टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह और निरीक्षक जय प्रकाश राय के मार्गदर्शन में हो रहा था।
गिरफ्तार अब्दुल वाहिद का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। थाना निजामाबाद, आजमगढ़ में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा संख्या 486/2022 (धारा 380/411 भादवि – चोरी), 408/2024, 428/2024 तथा 547/2024 (बीएनएस की विभिन्न धाराओं में गंभीर मामले) और 30/2026 (गैंगस्टर एक्ट) शामिल हैं। पूछताछ में अब्दुल वाहिद ने बताया कि वह 2024 में अपने साथियों के साथ कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और पहले भी जेल जा चुका है।

