सूर्या हत्याकांड के बाद तीन मदरसे सील

सूर्या हत्याकांड के बाद तीन मदरसे सील

गाजियाबाद  (जनवार्ता)। खोड़ा क्षेत्र में बकरीद के दौरान हुए सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस और प्रशासन ने जिले में सत्यापन और अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित तीन मदरसों को सील कर दिया गया। इसके अलावा कई मदरसों पर नोटिस चस्पा किए गए, जबकि कुछ संस्थानों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए।

rajeshswari


प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद पूरे जिले में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम अब तक 1600 से अधिक लोगों का सत्यापन कर चुकी है। वहीं अपराध प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी बढ़ाते हुए विभिन्न थानों में उनकी हाजिरी भी लगवाई जा रही है।


साहिबाबाद थाने में करीब 120 लोगों को बुलाकर भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की शपथ दिलाई गई। उधर, खोड़ा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


इस बीच सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपित असद के मकान पर भी प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके असद के घर पर प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। नोटिस में 15 दिनों के भीतर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उसके पिता नवाब के घर के बाहर मुनादी भी कराई गई है।

इसे भी पढ़े   शाहजहांपुर : पुवायां थाने के क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार का बाथरूम में मिला शव


सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया। वहीं पीड़ित सूर्या के परिजनों को प्रशासन की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा गया।


भाजपा नेता संगीत सोम भी सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने सूर्या की मां और अन्य परिजनों को सांत्वना देते हुए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *