श्री वल्लभ युवक परिषद् की गुजराती प्रीमियर लीग में नविन सोनावाला और भरत सोनावाला का जलवा
वाराणसी (जनवार्ता)। श्री वल्लभ युवक परिषद् दरवा द्वारा डीएवी ग्राउंड में आयोजित सात दिवसीय गुजराती प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के दोनों मैचों में भरत इलेवन और नविन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। नविन सोनावाला और भरत सोनावाला अपने-अपने मुकाबलों में आकर्षण का केंद्र रहे।


पहले मैच में भरत इलेवन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में दो विकेट पर 99 रन बनाए। टीम की ओर से प्रियांश नागर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नौ चौकों की मदद से नाबाद 48 रन बनाए। शुभम सतभैयावाला ने 16 गेंदों पर 31 रन का योगदान दिया। कप्तान भरत सोनावाला ने 11 रन बनाए। अतिरिक्त रनों के रूप में टीम को सात रन मिले।

मितेश इलेवन की ओर से हरीश गुजराती, दर्शित गुजराती, मयंक और गर्व ने गेंदबाजी की, लेकिन बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके।
100 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मितेश इलेवन की शुरुआत खराब रही। टीम के बल्लेबाज लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। हरीश गुजराती ने संघर्षपूर्ण 28 रन बनाए, जबकि गर्व ने 13 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद टीम 10 ओवर में सात विकेट पर 74 रन ही बना सकी। भरत इलेवन ने यह मुकाबला 25 रन से अपने नाम कर लिया।

भरत इलेवन की ओर से अनिरुद्ध दलालवाला, निकुंज खंडवाला, प्रियांश नागर, उत्सव गुजराती और अंशुमान त्रिवेदी ने प्रभावी गेंदबाजी की।
दूसरे मुकाबले में सुधांशु इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में छह विकेट पर 108 रन बनाए। कप्तान सुधांशु ने 29 रन की शानदार पारी खेली। रक्षित ने 22 रन, दर्पण ने नौ रन, बृजकिशोर ने 11 रन और हितेश ने नाबाद 17 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त रनों के रूप में 19 रन प्राप्त हुए।
नविन इलेवन की ओर से नविन सोनावाला, आनंद, मिहिर, पार्थ और निकुंज ने गेंदबाजी की।
109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नविन इलेवन को कप्तान नविन सोनावाला और जैकी सोनावाला की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। जैकी सोनावाला ने 23 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि कप्तान नविन सोनावाला ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर नाबाद 59 रन की मैच विजयी पारी खेली। मिहिर ने भी एक रन का योगदान दिया।
नविन इलेवन ने मात्र एक विकेट खोकर 109 रन बनाते हुए मुकाबला नौ विकेट से जीत लिया। नविन सोनावाला की विस्फोटक बल्लेबाजी पूरे मैच का मुख्य आकर्षण रही।
मैचों में अंपायरिंग विशाल और वल्लभ व्यास ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी विनीत राणाशाह ने निभाई। कमेंट्री खेल मंत्री अजय नागर ने की। खिलाड़ियों का स्वागत संगठन मंत्री रोशन गुजराती ने किया।
मुकाबलों का आनंद लेने के लिए मल्लिका, नमिता, प्रियंका, रीना, अर्चिता, निकिता, रक्षा, सुरभि, उर्मिला, रोहित, मुकेश, किशोर, दीपक, कौशल, प्रदीप, वृंदावल, भरत, संजय, राजू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

