बिजली संकट और स्मार्ट मीटर के विरोध में आप का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ (जनवार्ता)। प्रदेश में बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बिजली व्यवस्था को सुधारने में विफल रही है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आप नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ समेत विभिन्न क्षेत्रों में किसान, व्यापारी, छात्र, कर्मचारी और आम नागरिक बिजली संकट से जूझ रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश की जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरों का भुगतान कर रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें निर्बाध बिजली नहीं मिल रही।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार द्वारा बिजली व्यवस्था में सुधार के दावे जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहे हैं। पार्टी ने बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की घटना का उल्लेख करते हुए इसे बदहाल विद्युत व्यवस्था का दुखद उदाहरण बताया।
आप नेताओं ने सरकार पर जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब लोग बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, तब जिम्मेदार मंत्री समस्याओं के समाधान के बजाय बयानबाजी में व्यस्त हैं। पार्टी ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार, अघोषित कटौती पर रोक, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के निस्तारण और बिजली दरों में राहत देने की मांग की।
पार्टी ने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर प्रदेशवासियों को राहत दिलाने तथा बिजली व्यवस्था को प्रभावी और सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

