लखनऊ कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, अजय राय धरने पर बैठे
आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की, जूते चलने की भी सूचना
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। घटनाक्रम के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर आ गए और धरने पर बैठ गए। उन्होंने ममता चौधरी पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया, जिससे पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ गई।


जानकारी के अनुसार, आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच जूते चलने की भी सूचना है।

घटना से नाराज अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर आ गए और धरने पर बैठ गए। इससे कांग्रेस कार्यालय में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने हस्तक्षेप किया। दोनों नेताओं ने अजय राय को समझाकर वापस कार्यालय के अंदर ले गए।
इस घटनाक्रम के बाद अजय राय और उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान हुए इस विवाद ने पार्टी के अंदरूनी माहौल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

