यलो जोन से एसआई की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद
वाराणसी (जनवार्ता)। चौक थाना क्षेत्र की नन्दू फेरिया गली में काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र के यलो जोन से एक पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) की बाइक चोरी हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केवीएम/जीवीएम सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एसआई हरदेव मौर्य के अनुसार, उन्होंने 29 मई को ड्यूटी के दौरान अपनी पैशन प्रो बाइक नन्दू फेरिया गली में खड़ी की थी। ड्यूटी समाप्त होने पर लौटने पर बाइक गायब मिली। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक व्यक्ति बाइक को पैदल मेन रोड की ओर ले जाता दिखाई दिया।
पुलिस ने 6 जून को अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। खास बात यह है कि घटना चौक थाने से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित संवेदनशील यलो जोन में हुई है, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहते हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और आरोपित की तलाश जारी है।

