वाराणसी से सांसद बनना मेरा सपना, कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा: अजय राय
लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय में हुए हंगामे पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने मांगी माफी
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में हुए हंगामे पर खेद जताते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यदि उनके समर्थकों ने किसी के साथ बदसलूकी की या गाली-गलौज की है, तो वह हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं। अजय राय ने स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।

अजय राय ने प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने पर कहा कि उन्हें इसका कोई दुख नहीं है। राजनीति में कोई भी पद स्थायी नहीं होता। उन्होंने कहा कि तीन साल से अधिक समय तक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम किया और इस दौरान लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का प्रयास किया। उन्होंने वाराणसी से सांसद बनना अपना सपना बताया।
राहुल गांधी को बताया संघर्ष करने वाला नेता
दूसरी पार्टी में जाने की अटकलों पर अजय राय ने विराम लगाने की कोशिश करते हुए कहा कि वह कांग्रेस में ही रहेंगे। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह संघर्ष करने वाले नेता हैं और उन्हें उनका लड़ने का अंदाज पसंद है। अजय राय ने यह भी कहा कि उन्होंने न तो किसी का अपमान किया और न ही किसी के खिलाफ पीठ पीछे टिप्पणी की।
नए प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में हुआ था विवाद
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विवाद हो गया था। अजय राय और कांग्रेस की महिला पार्षद ममता चौधरी से जुड़े दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई और जूते चलने की खबरें सामने आई थीं। घटना के वीडियो भी प्रसारित हुए थे।
विवाद के बाद कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति को घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए साक्ष्य जुटाने का जिम्मा दिया गया था।
अजय राय के ताजा बयान से स्पष्ट है कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद भी कांग्रेस में बने रहने और संगठन के निर्देशों के अनुसार काम करने की बात कह रहे हैं। वहीं, वाराणसी से सांसद बनने की उनकी इच्छा ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा को फिर तेज कर दिया है।

