बड़ागांव क्षेत्र में अवैध कारोबारों पर कार्रवाई की मांग, स्थानीय लोगों में रोष
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कथित रूप से अवैध कच्ची शराब, गांजा बिक्री और अवैध खनन के कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सेमरी भट्टा, शर्मिला चौराहा तथा पुआरी खुर्द क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची देशी शराब की बिक्री की जा रही है। उनका कहना है कि इस अवैध कारोबार के कारण कई परिवार प्रभावित हुए हैं और क्षेत्र का सामाजिक माहौल भी खराब हो रहा है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय अवैध खनन की गतिविधियां संचालित होती हैं। इसके अलावा पुआरी खुर्द क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई और तीन घरवा इलाके में कथित रूप से गांजा बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
कुछ स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब की दुकानों के खुलने से पहले ही शराब की अवैध बिक्री की जाती है, जिससे राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

