चंदौली : 24 घंटे में खुला मनोज हत्याकांड, सुपारी देकर कराई गई थी हत्या
मुख्य शूटर मुठभेड़ में घायल, साजिश में कई लोगों की भूमिका उजागर
चंदौली (जनवार्ता) । अलीनगर थाना क्षेत्र में हुए मनोज कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे आर्थिक विवाद, कर्ज के लेन-देन और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। मामले में मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मनोज कुमार को रुपये लौटाने का बहाना बनाकर घर से बुलाया गया था। पूर्व नियोजित साजिश के तहत उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर गोली मार दी गई। हमलावरों ने सिर और सीने पर गोली चलाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया।
जांच के दौरान सामने आया कि हत्या की साजिश कथित रूप से एक रेलवे लोको पायलट ने रची थी। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और आर्थिक विवाद के चलते बिहार से शूटर बुलाए गए थे। हत्या के लिए कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की भी जानकारी मिली है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में गठित टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। तकनीकी जांच ने हत्या की साजिश और उसमें शामिल लोगों की भूमिका उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूछताछ जारी है।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि मामले के त्वरित खुलासे में शामिल पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

